Sunday, January 29, 2012

सोहनी के बचपन के याद रह गए पल.-भाग (२)


बचपन का नाम-महंतनी ,गोल-मटोल शांत स्वभाव की थी इसलिये उसके मौसा -मौसी उसे मह्न्तनी कहते थे .
पहला डर -हाथ का नाखून काटते समय जरा सा खून निकल आया तो सोहनी ने डर कर मुठ्ठी भींच ली और काफी देर तक नही खोली.
पहला अप्रेल फूल -सोहनी के भैया बगीचे में मिट्टी खोद रहे थे उसने पूछा कि क्या कर रहे हैं तो जवाब मिला कि अप्रेलफूल बना रहा हूँ.सोहनी कई दिन तक इन्तजार ही करती रही कि कब अप्रेल फूल निकलेगा.
पहली कट्टी और अब्बा-सोहनी का जबर्दस्त झगड़ा हो गया अपनी पक्की सहेली से ,कानी (छोटी)ऊँगली मिलाकर कट्टी कर ली,मतलब बोलचाल बंद.फिर उसीपल ख्याल आया कि कल उसका जन्मदिन है तो उसी समय अंगूठे के साथ वाली ऊँगली मिलाकर अब्बा कर ली और जन्मदिन में आने का निमंत्रण दे दिया.
पहला जन्मदिन -आमों की बहार से मना.मम्मी ने गली से आम लिए पच्चीस पैसे के पच्चीस और पापाजी भी टूर से आते हुए पचास पैसे के पचास आम लेते हुए आगये .सहेली भी आम ही लेकर आयी थी.
पहला जुर्माना-सहेली की स्लेटी सोहनी से टूट गई उसने साबुत स्लेटी लौटने को कहा,अगले दिन लाकर दी और बदले में टूटी स्लेटी भी नही ली.
पहली शापिंग -स्कूल के बाहर के ठेलेवाले से इंटरवल में दस पैसे देकर पापिंस ली उसने कहा की बारह पैसे की है कल दो पैसे और दे देना.अगले दिन उसे दो पैसे दिए तो उसने हैरानी दिखाई .
पहला नाटक -सोहनी के पापाजी सोने से पहले बच्चों को कहानी सुनाया करते थे, कुल छह  भाई -बहिन थे .दूसरा नम्बर उसका था जरूरी बात है कि गोदी में आने का मौका तो सबसे छोटे बच्चे को ही मिलेगा तो वह सोने का नाटक करती ताकि गोदी में उठाकर बिस्तर तक ले जाया जाय.
पहली जिद -सोहनी को सर्कस देखने नही ले जा रहे थे कारण कि वह वहाँ रोयेगी , तो उसने जवाब दिया धीरे - धीरे रो लूँगी.
पहला मेकअप -सोहनी  की मम्मी मेकअप नही करती थीं उसने चाचीजी का मेकअप बाक्स देखा तो उसमे से पाउडर निकाल कर चुपके से लगाया.

Tuesday, January 10, 2012

गम किस बात का ?


बहुत से लोग गाँधी की बात नही समझ पाये.
बहुत से लोग सुकरात की बात नही समझ पाये .
बहुत से ईसा की बात नही समझ पाये.
बहुत से ओशो की बात नही समझ पाये .
और अब अन्ना की बात नही समझ पा रहे हैं.
तो अगर मेरी बात नही समझ पाये तो क्या गम है .

Monday, December 5, 2011

रिटर्न गिफ्ट



हम जिससे कुछ पाते हैं उसे वापिस कुछ देना बहुत जरूरी है.वरना दोनों ही नही बचेंगें.और यह भी सच है कि जैसा देंगें वैसा ही पायेंगें.
अक्सर कहा जाता है कि पापी पेट के लिए इंसान को क्या कुछ नही करना पड़ता .पेट के लिए हमारी पांचों ज्ञानेंद्रियाँ कर्मेन्द्रियाँ काम करती हैं तब जाकर हमारा पेट भरता है पर पेट बाहर से काम करता हुआ भले ही नही दिखाई दे लेकिन वही तो हमारी सारी इन्द्रियों को काम करने की ताकत देता है .हम काम भी कर पाते हैं और तरह-तरह के सुखों का उपभोग भी कर पाते हैं.
पर अगर पेट का ख्याल न रखें उसे सही डाईट न दें .उसे सही खुराक देने के लिए मेहनत न करें तो पेट तन्दरुस्त नही रहेगा उसे सही भोजन देते रहें तो बाकी का काम तो वह चुपचाप करता रहता है ताकि हमारे हाथ -पावं सही सलामत काम करते रहें
इसी तरह संसार भी एक बहुत बड़ा पेट है और उसकी खुराक प्रेम है .अगर उसे प्रेम मिलता रहे तो वह ठीक ठाक काम करता रहता है.नफरत रूपी सड़ा खाना मिले तो बीमार हो जाता है.संसार से हमे वही तो मिलेगा जो हमने इसके पेट में डाला था .

Tuesday, November 22, 2011

ध्यान



ईश्वर निराकार है पर उसकी समझ हमें आकार से ही मिलती है.आकाश निराकार है पर उस पर सूरज चाँद सितारे बादल अपने अपने आकार में नजर आतें हैं.उससे ही हमें निराकार का बोध होता है.
उसी तरह उस निराकार आकाश में निराकार चेतन शक्ति भी है.उसी चेतन शक्ति से तो सूरज चाँद सितारे बादल टिके हुए हैं.वही चेतन शक्ति वही आकाश हमारे भीतर और बाहर है. गुब्बारे से गैस निकल जाये तो वह उड़ नहीं सकता ,इसी तरह हमारे भीतर के आकाश से भी अगर चेतन शक्ति निकल जाये तो हम निर्जीव हो जाते हैं.
ध्यान में हम उसी चेतन शक्ति को महसूस करतें है,जो हमारे सिर से लेकर पैर के अंगूठे तक फैली हुई है.उसको महसूस करते करते हम उस सम्पूर्ण चेतन शक्ति से जुड़ने लग जाते हैं जो हमारे बाहर भी है और हम सबके भीतर भी है

Friday, November 4, 2011

सोहनी का बचपन-भाग (१)


 सोहनी का  पहला अनुभव चार साल की उमर में चोट का- हाथ में मेहंदी लगा कर सुखाने के लिए गोल गोल तेजी से घूम रही थी ,और किसी से टक्कर खाकर गिरी ,माथे में लोहे की साबुनदानी चुभ गई जिसका निशान अभीतक है.
पहला दुखद अनुभव स्कूल का( भद्दा मजाक )जब सोहनी पांच साल की थी ,मास्टर(जी  ?)ने जानबूझ कर उसकी तख्ती के ऊपर( जिस पर अ आ इ ई उ ऊ लिख रही थी )साईकिल चला दी थी ,उसके पहिये से सारी लिखाई खराब हो गई थी.
पहला अनुभव स्टेज का -छह साल की उमर में स्कूल की स्टेज पर सुनाई थी यह कविता .
जिसने सूरज चाँद बनाया,जिसने तारों को चमकाया.
जिसने चिड़ियों को चहकाया ,जिसने सारा जगत बनाया.
हम उस ईश्वर के गुण गायें,उसे प्रेम से शीश झुकायें.
कक्षा के हर बच्चे को कुछ न कुछ सुनाना जरूरी था .यह कविता स्कूल की हिन्दी की किताब में थी, सुनाते समय वह बहुत नर्वस थी ,जल्दी-जल्दी बोल गई.
पहला झूठ सात साल की उमर में -स्कूल न जाने के लिए मम्मी को बोल दिया कि आज तो स्कूल में छुट्टी है .पर स्कूल से दायीं माँ लेने आ गई .वह  छुप गई पलंग के नीचे पर झूठ तो पकड़ा गया था .




Thursday, October 6, 2011

सूर्पनखा


राम को पता है कि उन्हें रावण से युद्ध करना है ,सीता को छुड़ाना है.
रावण को पता है कि उसे भी युद्ध करना है ,उसे समझाने वाले सब हैं कि वह गलत कर रहा है पर वह समझना ही नही चाहता राम को युद्ध न करने के लिए कोई नही कहता ,उन्हें तो सब सहयोग देते हैं,सीता को छुडाने के लिए युद्ध तो करना ही पड़ेगा.इसलिये उन्होंने युद्ध किया और विजय प्राप्त की.सबका आशीर्वाद उनके साथ था.
रावण के साथ दिल से कोई भी नही था .
हमारा आपका जीवन किस तरह से अलग है ?हमारे साथ भी अन्याय होता है,पर हम राम नही हैं ,न ही हमारे साथ अन्याय करने वाला रावण है .
हम बस इतना जानते हैं कि हमारे साथ अन्याय हो रहा है.तो क्या हम सूर्पनखा हैं .
लगता तो ऐसा ही है क्योंकि हम भी अपने मतलब के लिए लोगों से मीठी बातें करते हैं और जब मतलब पूरा नही होता तो अपना असली रूप दिखाते हैं.
जब सूर्पनखा अपने असली भयंकर रूप में आयी तभी लक्ष्मण ने उसके नाक कान काटे .(और वो अपने खिलाफ हुए इस अन्याय की शिकायत लेकर अपने भाई रावण के पास पहुंच गई.)
हम सब भी तो भीतर से भयंकर रूप वाले हैं,सामने -सामने मिठास से भरे हैं.राम बाहर भीतर एक से ही थे .

Monday, October 3, 2011

श्रद्धा क्यों जरूरी है.

हमारी आँखे हैं इसलिये हमें जब दिखाई देता है कि सामने कांटे हैं तो हम बच कर निकलते हैं.असावधानीवश अगर कांटा चुभ भी जाये तो उसे निकाल देते हैं क्योंकि हमे दिख रहा है कि कहाँ चुभा है.पर जो अंधे हैं उन्हें तो कोई आंखवाला ही रास्ता दिखायेगा न .या उन्हें खास ट्रेनिंग लेनी पड़ेगी कि किस तरह से कंटीले रास्तों से बच कर निकल सकते हैं.
और वैसेभी जिनकी आँखें हैं वह स्वाभाविक तौर पर उस व्यक्ति की मदद करने लग जाता है जिसे दिखाई नही पड़ रहा है.
इसीतरह आँखें शरीर की ही नही मन की भी होती हैं पर अधिकतर लोगों की आँखें बंद ही रहती हैं कुछ ही हैं जो अपनी आंखें खुली रखते हैं और उनकी यह स्वाभाविक इच्छा होती है कि बाकी के मनुष्य भी अपनी बंद आँखों को खोलें ,साफ-साफ देखें कि कहाँ-कहाँ से उनके दिल में कांटे चुभ रहे हैं.कैसे उन काँटों से बचें और जो चुभ चुके हैं कैसे उन्हें निकालें .
इसीतरह सामने अगर हीरे पड़े हों तो अंधा तो उन्हें कंकड़ ही समझेगा न .आंखवाले पर श्रद्धा होगी तभी हीरे इकट्ठे करेगा महात्माओं की बातें हीरे की तरह मूल्यवान होती हैं पर मन के अंधे मनुष्य श्रद्धा न होने से उन्हें बकवास समझते हैं और भीतर से गरीब के गरीब ही बने रहते हैं.